जेएससीए स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच होगा। ये पहला मौका है जब रांची किसी टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। इस मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी भी रांची पहुंच गए हैं। जहां उन्होंने अपने होम ग्राउंड पर होने वाले इस पहले टेस्ट की तैयारियों का जायजा लिया। एमएस धोनी बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम (जेएससीए) पहुंचे, जहां उन्होंने शाम को पिच क्यूरेटर एसबी सिंह से बात की।
इस बातचीत के बाद धोनी ने पिच का मुआयना भी किया, साथ ही मैच को लेकर तैयारियों का जायजा लिया।धोनी के जाने के बाद पिच क्यूरेटर ने बताया कि धोनी वहां रूटीन दौरे पर आए थे।सिंह ने ये भी कहा कि, इसका 16 से 20 मार्च के बीच होने वाले तीसरे टेस्ट मैच से कोई लेना देना नहीं है।हालांकि धोनी का आने का मकसद साफ था। वे नहीं चाहते कि टीम इंडिया को पुणे जैसा एक्सपीरियंस यहां हो जाए।
पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया की बुरी हालत हुई थी, और उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।उसी हार को देखते धोनी ने मैच से एक हफ्ते पहले रांची में पिच का मुआयना किया और तैयारियों को देखा।धोनी नहीं चाहते कि खराब पिच की वजह से जो हाल पुणे में हुआ था, वैसा कुछ उनके होम ग्राउंड पर हो।इससे पहले ऐसी खबरें आ रही थी कि पूर्व कप्तान कोलकाता से बेंगलुरु जाएंगे, लेकिन वे रांची लौट आए।