राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महेंद्र सिंह धोनी को पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महेंद्र सिंह धोनी को देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया। खास बात ये कि 7 साल पहले आज के दिन ही धोनी ने भारत को क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था।

धोनी के अलावा बिलियर्ड में 19 बार के वर्ल्ड चैम्पियन पंकज आडवाणी को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में 44 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा गया। समारोह में उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई हस्तियां मौजूद रहीं।

धोनी लेफ्टिनेंट कर्नल की यूनिफॉर्म में राष्ट्रपति भवन में सम्मान हासिल करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी पत्नी साक्षी धोनी भी मौजूद थीं।बता दें कि 1 नवंबर 2011 को प्रादेशिक सेना ने धोनी को लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि से नवाजा था। इससे पहले कपिल देव ही ऐसे क्रिकेटर थे, जिन्हें ऐसा सम्मान मिला था।

धोनी को 2007 में राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया था। उन्हें 2009 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।धोनी को 2008 और 2009 में आईसीसी वन डे प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला। दो बार ये अवॉर्ड पाने वाले धोनी पहले क्रिकेटर थे।

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट इलेवन में वे तीन बार चुने गए। आईसीसी वर्ल्ड वन डे इलेवन में धोनी रिकॉर्ड 8 बार चुने जा चुके हैं, इनमें 5 बार कैप्टन के तौर पर चुना गया।2 अप्रैल 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। भारत का मुकाबला श्रीलंका से था।

श्रीलंका ने 274 रन बनाए थे। जवाब में भारत की टीम ने ये लक्ष्य 48.2 ओवर में हासिल कर लिया था। धोनी ने छक्का मारकर भारत को वर्ल्डकप का खिताब दिलाया था। इस मैच में धोनी ने 91 रनों की पारी खेली थी और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।

बता दें कि 25 जनवरी को देश की 85 हस्तियों को पद्म पुरस्कार देने का एलान किया गया था। इनमें 3 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 73 पद्म श्री अवॉर्ड शामिल हैं।इससे पहले 20 मार्च को 41 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए गए थे। इनमें जाने माने संगीतकार इलैयाराजा, उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान और पी परमेश्वरन को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

Check Also

ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 से बाहर हुए भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह

भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *