भारत ने तीसरे टी-20 मुकाबले में भी वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराया

भारत ने वेस्टइंडीज को छह विकेट से हरा दिया। उसने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की। टीम इंडिया ने पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में लगातार तीन मैच (क्लीन स्वीप) जीते हैं। इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया।

उसने डेरेन ब्रावो के नाबाद 43 और निकोलस पूरन के नाबाद 53 रन की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 181 रन बनाए। टीम इंडिया ने 20 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत 22 अक्टूबर 2015 के बाद से कभी नहीं हारा है।

शिखर धवन को मैन ऑफ द मैच और कुलदीप यादव को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।भारत-विंडीज के बीच अब तक 11 टी-20 मुकाबले हुए हैं। इनमे से दोनों ने पांच-पांच मैच जीते हैं। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। भारत ने इस साल विदेशी और घरेलू मैदान पर 16 टी-20 खेले।

इनमें से उसे 13 में जीत हासिल हुई है, जबकि तीन में हार का मुंह देखना पड़ा। उसने अपना आखिरी टी-20 छह जुलाई को कार्डिफ में इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट से गंवाया था।182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही।

पिछले मैच के शतकवीर कप्तान रोहित शर्मा छह गेंद में चार बनाकर पवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर 13 रन था। इसके बाद लोकेश राहुल ने शिखर धवन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। हालांकि, 45 के कुल स्कोर पर राहुल ओशाने थॉमस का शिकार बने।

दो विकेट गिरने के बाद शिखर धवन का साथ देने ऋषभ पंत क्रीज पर आए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 80 गेंद में 130 रन की साझेदारी की। शिखर ने 62 गेंद में 92 और ऋषभ ने 38 गेंद में 58 रन की पारी खेली। ऋषभ का टी-20 में यह पहला अर्धशतक है। 

ऋषभ टी-20 में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने के वाले भारतीयों में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 21 साल 38 दिन में यह उपलब्धि अपने नाम की। रोहित शर्मा टी-20 में भारत की ओर से सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 20 साल 143 दिन में टी-20 में अपना पहला अर्धशतक लगाया था।

एक समय ऐसा लग रहा था कि शिखर और ऋषभ भारत को जीत दिला देंगे। टीम का स्कोर जब 175 रन था, तभी ऋषभ कीमो पॉल की गेंद पर बोल्ड हो गए। यह 19वें ओवर की दूसरी गेंद थी। इस समय जीत के लिए सात रन की जरूरत थी और 10 गेंदें फेंकी जानी शेष थीं।

लेकिन पॉल ने बाकी की चार गेंदों में भारत को दो रन ही बनाने दिए। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए पांच रन बनाने थे। वेस्टइंडीज के कप्तान कार्लोस ब्रैथवेट ने यह ओवर फेंकने के लिए फैबियान एलन को गेंद थमाई। एलन के सामने धवन थे। धवन ने पहली गेंद पर दो रन लिए।

अगली गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर मनीष पांडेय ने एक रन लेकर स्ट्राइक फिर धवन को दे दी। चौथी गेंद पर धवन कोई रन नहीं बना पाए। पांचवीं गेंद पर धवन बाउंड्री से करीब दस गज पहले कीरोन पोलार्ड को अपना कैच थमा बैठे। हालांकि, तब तक स्ट्राइक मनीष को मिल चुकी थी।

अब भारत को जीत के लिए एक रन चाहिए था और एक गेंद ही बची थी। मनीष ने एलन की गेंद को मिडऑन की तरफ गेंद को खेला। एलन गेंद को रोकने के लिए दौड़े लेकिन वे मनीष को रनआउट करने में सफल नहीं हुए और भारत ने मैच जीत लिया।

इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसका यह फैसला सही साबित हुआ। शाई होप और शिमरॉन हेटमेयर ने पहले विकेट के लिए 36 गेंद में 51 रन की साझेदारी की। इस टी-20 सीरीज में वेस्टइंडीज के ओपनर्स पहली बार 50 से ज्यादा का स्कोर कर पाए।

दिनेश रामदीन के रूप में विंडीज का तीसरा विकेट 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गिरा था। उस समय टीम का कुल स्कोर 94 रन था। इसके बाद डेरेन ब्रावो का साथ देने निकोलस पूरन आए। पूरन ने ब्रावो के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 42 गेंद में 87 रन जोड़े। दोनों ही खिलाड़ी नाबाद पवेलियन लौटे।

ब्रावो ने 37 गेंद में 43 और पूरन ने 25 गेंद में 53 रन बनाए। पूरन ने 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था।इस मैच में भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर लगाम लगाने में नाकाम रहे। क्रुणाल पंड्या सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 40 रन दिए।भुवनेश्वर कुमार और खलील अहमद ने 4-4 ओवर में क्रमशः 39 और 37 रन दिए।

वेस्टइंडीज के ब्रावो और पूरन ने आखिरी ओवर में 23 रन बटोरे।वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने दो बदवाल किए। इस मैच में जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव की जगह वॉशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल को शामिल किया गया। वेस्टइंडीज ने कोई बदलाव नहीं किया। मेहमान टीम ने जिन खिलाड़ियों को दूसरे टी-20 में उतारा था, उन्हीं को इसमें भी बरकरार रखा।

Check Also

ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 से बाहर हुए भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह

भारत के शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप 2022 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *