भारत ने इंग्लैंड को टी-20 सीरीज के पहले मैच में 8 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने इंग्लैंड को उसके घरेलू मैदान पर पहली बार टी-20 मैच में हराया। भारत ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 159 रन बनाए।
जवाब में टीम इंडिया ने 10 गेंद शेष रहते 2 विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत की ओर से लोकेश राहुल ने 101 और कप्तान विराट कोहली ने 20 रन की नाबाद पारी खेली। लोकेश राहुल ने 53 गेंद में अपना शतक पूरा किया था। उनका टी-20 में यह दूसरा शतक है। विराट ने छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई।
लोकेश राहुल ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 123 रन जोड़े। भारत की ओर से आउट होने वाले बल्लेबाज शिखर धवन और रोहित शर्मा रहे। रोहित को आदिल राशिद की गेंद पर कप्तान इयान मॉर्गन ने कैच किया। रोहित ने 30 गेंद में 32 रन बनाए। शिखर धवन को 5 रन पर डेविड विली ने बोल्ड किया।
इससे पहले इंग्लैंड की पारी में डेविड विली 28 और लियाम प्लंकेट 3 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 24 रन देकर 5 विकेट लिए। वे टी-20 में 5 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय और दुनिया के 24वें गेंदबाज हैं।
कुलदीप के अलावा भारत के लिए उमेश यादव ने 21 रन देकर 2 और हार्दिक पंड्या ने 33 रन देकर एक विकेट लिए।इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 46 गेंद में 69 रन बनाए। जोस बटलर ने 29 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की थी।
उनके अलावा जेसन रॉय ने 20 गेंद में 30 रन बनाए। कुलदीप और उमेश की गेंदबाजी कितनी घातक रही इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इंग्लैंड के 7 बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सके। कुलदीप ने अपने तीसरे ओवर में 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा था।