Ab Bolega India!

यशवंत सिन्हा के राष्ट्र मंच की लॉन्चिंग के मौके पर शत्रुघ्न सिन्हा रहे मौजूद

बीजेपी लीडर यशवंत सिन्हा (80) ने पॉलिटिकल एक्शन ग्रुप राष्ट्र मंच की शुरुआत की। इसमें बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई पार्टियों के नेता शामिल हुए। यशवंत ने कहा कि मोदी सरकार में किसानों की हालत भिखारियों जैसी हो गई है। राष्ट्र मंच के जरिए उन्हें हक दिलाने समेत सभी राष्ट्रीय मुद्दे उठाए जाएंगे।

साथ ही केंद्र सरकार की एकतरफा नीतियों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।इस मौके पर शत्रुघ्न ने कहा कि वे देशहित में आवाज उठाने के लिए फोरम में शामिल हुए हैं। बीजेपी में अपनी बात रखने की आजादी नहीं मिली। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर यशवंत सिन्हा ने कहा कि देश के मौजूदा हालात 70 साल पहले जैसे होते गए हैं, जब आज ही के दिन बापू की हत्या की गई थी। लोकतंत्र और संवैधानिक इंस्टीट्यूशंस पर खतरा मंडरा रहा है।सिन्हा ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार में किसानों का स्तर गिरता हुए भिखारियों के जैसा हो चुका है।

सरकार अपने हित साधने के लिए सिर्फ आंकड़ेबाजी में लगी हुई है। किसानों को हक दिलाना फोरम की प्राथमिकता होगी।केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति को आड़े हाथों लेते हुए सिन्हा ने कहा कि राष्ट्र मंच कोई संगठन नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन है। बीजेपी में रहते हुए हर कोई डरा हुआ है, लेकिन हम नहीं।

अब देश में मुद्दों पर बातचीत और बहस होगी। एक तरफा फैसले लेना खतरनाक है।यशवंत सिन्हा ने कहा राष्ट्र मंच किसी पार्टी के बैनर तले काम नहीं करेगा, बल्कि एक आजाद पॉलिटिकल एक्शन ग्रुप है। उन लोगों के लिए मंच है, जो देश के मौजूदा हालात को लेकर परेशान हैं। यह किसी पार्टी विशेष के खिलाफ नहीं है, इसके जरिए राष्ट्रीय मुद्दे उठाए जाएंगे।

देश के किसानों को उनका हक दिलाने के लिए काम करेंगे, यही सबसे बड़ी प्राथमिकता है।इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री सिन्हा ने सोमवार को ट्वीट किया आप जो कुछ भी करें, मैं कर्तव्य से भाग नहीं सकता। देश के युवाओं से इस मंच से जुड़ने की अपील करता हूं।

बीजेपी नेता शत्रुघ्न ने कहा कि आज वे इस फ्रंट (राष्ट्र मंच) में शामिल हुए, क्योंकि उन्हें अपनी ही पार्टी में विचार रखने का मंच नहीं मिल रहा था। लेकिन उन्होंने साफ किया कि इस फैसले को पार्टी विरोधी गतिविधि के तौर पर ना लिया जाए। यह तो देशहित में उठाया गया एक कदम है।

बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी, एनसीपी सांसद माजिद मेमन, आप सांसद संजय सिंह, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री सुरेश मेहता, जेडीयू नेता पवन वर्मा, आरएलडी नेता जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम पाल और हरमोहन धवन भी राष्ट्र मंच की लॉन्चिंग में शामिल हुए।

Exit mobile version