केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी का कांग्रेस पर पलटवार

Smriti-Irani--621x414

अमेठी में पैठ बनाने की कोशिश में जुटीं केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को ‘झूठा’ बताते हुए उन पर किसानों की 65 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। हालांकि कांग्रेस ने इस आरोप को बेबुनियाद करार दिया है। स्मृति रविवार को उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक रैली को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने दावा किया कि सम्राट साइकिल फैक्टरी के लिए किसानों से 65 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की गई थी, जिसे इस साल 24 फरवरी को गांधी परिवार द्वारा संचालित राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट को बेच दिया गया। उन्होंने कहा ‘झूठे नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि राहुल गांधी हैं।

अमेठी में किसानों की 65 एकड़ जमीन हड़पना इसका सबूत है।’ उन्होंने कहा कि किसानों की यह जमीन साइकिल फैक्टरी के लिए अस्सी के दशक में अधिग्रहीत की गई थी। क्या वह फैक्टरी लगी, क्या किसी को नौकरी मिली, उस जमीन का क्या हुआ? स्मृति ने कहा ‘कोई बोलने की हिम्मत नहीं कर सकता, लेकिन यह स्टॉम्प पेपर पर है। जमीन राजीव गांधी ट्रस्ट ने खरीदी।’ राहुल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि डेढ़ मिनट तक बयान देना आसान है, लेकिन संसद में डेढ़ घंटे की बहस में बिना पर्ची बोलना कठिन।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने स्मृति ईरानी के आरोपों को नकारते हुए उसे बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं समझता हूं कि सम्राट साइकिल के बंद होने तथा कोर्ट के आदेश से नीलामी में जमीन खरीदने के बीच कोई संबंध है।’ उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ‘गैर जिम्मेदाराना’ तरीके से ऐसा आरोप लगा रही हैं। अमेठी आईं स्मृति ने सबसे पहले मटियारी कला गांव में भाजपा के दिवंगत नेता संतबक्स सिंह के परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद वह अमेठी पहुंचीं। यहां 25 हजार महिलाओं का प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा बीमा योजना के तहत एक वर्ष के प्रीमियम का तीन लाख का चेक सौंपा। स्मृति ने कहा कि मैं राहुल गांधी से कभी भी बहस करने को तैयार हूं।

प्रदेश सरकार पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश संभावनाओं का प्रदेश है। यहां विकास का स्तर खराब है। बिजली, पानी, सड़क सब की स्थिति दयनीय है। लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेठी के लोगों ने उन्हें दीदी कहा था, वह इस रिश्ते को लगातार निभा रही हैं। इसे तब तक निभाती रहेंगी, जब तक यहां से कांग्रेस समाप्त नहीं हो जाती और अंतिम घर तक विकास नहीं पहुंच जाता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमेठी के लिए वो काम किए हैं जो कांग्रेस की तीन पीढिय़ां नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में फिर आऊंगी और लोगों को दस लाख रुपये का बिना गारंटी का लोन दिलाने की कोशिश करूंगी। 

Check Also

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को दिया एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने का निर्देश

आरबीआई ने सभी क्रेडिट सूचना कंपनियों को 1 अप्रैल, 2023 तक एक आंतरिक लोकपाल नियुक्त करने …