दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी इलाके के अपने घर में एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पायी गयी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपनी खुद की प्रबंधन कंपनी चलाने वाली और उभरती हुयी मॉडल प्रियंका शनिवार तड़के मृत मिली। पुलिस को दो पेज का एक नोट मिला है। माना जा रहा है कि खुदकुशी से पहले महिला ने उसे लिखा है।
महिला ने जनवरी में एक व्यापारी से शादी की थी।प्रियंका के परिवार के सदस्यों ने उसके पति पर दुर्व्यवहार करने और दहेज में भारी रकम लेने का आरोप लगाया। प्रारंभिक जांच के बाद, पुलिस ने भादंसं के प्रावधानों और दहेज निषेध अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि प्रियंका के पति का शहर में अपना क्लब है और पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया गया है। प्रथम दृष्टया, यह मामला महिला के खुदकुशी करने का लगता है। मामले की जांच की जा रही है।अधिकारी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ले जाया गया है और मौत के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।