उत्तर भारत में मौसम में अभी भी ठंडक बरकरार है और जम्मू-कश्मीर के लेह में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया वहीं कोहरे के कारण सड़क तथा रेल यातायात बाधित हुआ.कोहरे के कारण 37 ट्रेनें रद्द कर दी गयीं.राजधानी दिल्ली में आज मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस वक्त के लिहाज से सामान्य है.राजधानी दिल्ली से उड़ान भरने वाली सभी विमान सेवाओं में कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन कोहरे के कारण 37 ट्रेनें रद्द हो गयीं.हरियाणा और पंजाब के अधिकतर इलाकों में आज भी ठंड का कहर जारी रहा और सुबह कोहरे का असर भी देखने का मिला.
मौसम अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.करनाल में कल रात पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे 5.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अमृतसर पंजाब का सबसे ठंडा प्रदेश रहा जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.पिछले तीन दिनों से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज किये जाने के बाद लद्दाख सहित कश्मीर डिविजन के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. इसके साथ ही मौसम विभाग ने यहां कल से अगले कुछ दिनों तक बारिश होने या बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है.
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.दक्षिण कश्मीर में गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. कल रात वहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था.अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में पहलगाम के पहाड़ी रिसोर्ट पर रात का तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.उन्होंने बताया कि कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार शहर काजीकुंड और कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.1 और 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.अधिकारी ने बताया कि लेह में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
उन्होंने बताया कि करगिल शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है. श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार सीकर में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस, पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में 9 डिग्री, पिलानी में 9.3 डिग्री, जैसलमेर में 9.6 डिग्री, बीकानेर में 9.9 डिग्री और राजधानी जयपुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.