भोपाल में एक घर में पुलिस की साइबर शाखा ने रात दी गई दबिश में नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया और नौ युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा अनुसूचित मोर्चा का मीडिया प्रभारी नीरज शाक्य भी है, जिसे पार्टी ने निष्कासित कर दिया है।
साइबर शाखा के सूत्रों के अनुसार शिकायत मिली थी कि नौकरी का झांसा देकर कुछ लोग बाहरी लड़कियों को देह व्यापार के काम में लगा रहे हैं। इसी पड़ताल के बाद पुलिस ने नौ लोगों को पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी ई-सात के एक मकान से पकड़ा। पुलिस ने कुछ लड़कियों को भी मुक्त कराने का दावा किया है।
सूत्रों के अनुसार इस गिरोह के सदस्य होटल, ब्यूटी पार्लर आदि स्थानों पर अच्छी नौकरी का प्रलोभन देकर युवतियों को भोपाल बुलाते थे और उसके बाद नौकरी के नाम पर ग्राहकों से मुलाकात कराकर देह व्यापार के धंधे में उतार देते थे। ये आरोपी अश्लील वेबसाइट भी चलाते थे।
पुलिस ने जिन नौ आरोपियों को पकड़ा है, उनमें भाजपा अनुसूचित मोर्चा का मीडिया प्रभारी नीरज शाक्य भी है।भाजपा ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने अनुसूचित मोर्चा के नीरज शाक्य को अनैतिक कार्य में लिप्त पाए जाने की सूचना मिलने के बाद तुरंत प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है।