Ab Bolega India!

यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत

accident_20160608_350_630

यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते सुबह सड़क पर खड़े एक खराब ट्रक से तेज गति से आ रही ऑल्टो कार पीछे से टकरा गई जिससे इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, थाना बादलपुर क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी तथा थाना जेवर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गयी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुजाता सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार, उषा, सोनी सिन्हा और कार चालक सुल्तान अहमद बिहार से एक शादी में भाग लेकर गाजियाबाद यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते लौट रहे थे। आज सुबह करीब छह बजे थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर खड़े एक खराब ट्रक में तेज गति से आ रही अल्टो कार पीछे से जा घुसी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कार चालक सुल्तान अहमद (40), मनोज कुमार सिन्हा (53), उनकी सास उषा (73) और पत्नी सोनी सिन्हा (50) की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना ईकोटेक पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घने कोहरे के चलते यह घटना हुई है।

वहीं, एक अन्य हादसे में थाना बादलपुर क्षेत्र के बादलपुर गेस्ट हाउस के पास बीती रात बाइक सवार गौरव का संतुलन बिगड़ गया। वह सड़क के किनारे लगे खंभे से जा टकराया। गंभीर हालत में उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां आज तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। एक अन्य दुर्घटना में थाना जेवर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे के पास कल शाम हुए एक सड़क हादसे में राजेंद्री नाम की महिला की मौत हो गयी।

Exit mobile version