सेना ने एक विशेष ऑपरेशन के तहत म्यामार की सेना के साथ मिलकर उग्रवादियों के दो ठिकानों पर हमला किया। सेना की इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में उग्रवादियों को मार गिराया गया है। सेना ने उग्रवादियों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की। यह जानकारी भारतीय सेना मुख्यालय में सैन्य अभियानों के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल रनबीर सिंह ने दी।
भारतीय सेना मुख्यालय में मेजर जनरल रनबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह म्यामांर सीमा पर दो अलग-अलग स्थानों पर भारतीय सेना और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ हुई। उनके मुताबिक इस मुठभेड़ में चरमपंथियों को भारी नुक़सान हुआ है। हालांकि उन्होंने मारे गए चरमपंथियों की संख्या स्पष्ट नहीं की। रनबीर सिंह ने कहा, “पिछले कुछ दिनों में हमें बेहद विश्वसनीय और सटीक जानकारी मिली थी कि हमारे खिलाफ कुछ और हमले हो सकते हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर हमने इन हमलों को रोकने के लिए अभियान चलाया।” उन्होंने बताया, “आज सुबह भारतीय सेना ने म्यामांर सीमा के नजदीक चरमपंथियों को दो समूहों को दो अलग-अलग निशाना बनाया जिसमें कई चरमपंथी मारे गए हैं।”उन्होंने कहा, “हम म्यामांर अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग की ऐतिहासिक परंपरा है और हम भविष्य में भी उनसे सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।” पहली दफा ऐसा हुआ है जब सेना ने देश से बाहर किसी सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया।