राज्य ख़बरें
दिल्ली
कापसहेड़ा में ई-सब रजिस्ट्रार ऑफिस का उद्घाटन करने पहुंची मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पालम क्षेत्र के बीजेपी विधायक धर्मदेव सोलंकी और बिजवासन से विधायक सत्यप्रकाश राणा की अगुवाई में समारोह स्थल के बाहर लोगों ने नारेबाजी की। ये लोग मुख्यमंत्री से पानी की मांग कर रहे थे। पानी को लेकर इन लोगों की मुख्यमंत्री से खूब कहासुनी भी हुई।
सोलंकी समारोह के अंदर जाकर चुपचाप बैठ गए। जैसे ही समारोह खत्म हुआ, उन्होंने मुख्यमंत्री से पानी मांगना शुरू कर दिया। सोलंकी का कहना है कि पिछले 15 सालों से पालम के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। पिछले 9 साल से पालम और बिजवासन को पानी सप्लाई करने के लिए द्वारका में कमांड टैंक नंबर-1 एक बनकर खड़ा है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने 5 साल पहले उद्घाटन भी किया। एरिया में पोस्टर भी लगाए गए, लेकिन आज तक एक बूंद पानी लोगों को इस कमांड से नहीं मिला। मुख्यमंत्री कार्यालय से उन्हें चिट्ठियों का जवाब तो आया लेकिन पानी नहीं आया। एरिया का जमीनी पानी पूरी तरह से खारा हो चुका है। पिछले डेढ़ साल से 15 ट्यूबवैल को रिबोर की इजाजत नहीं मिल रही है। गर्मियों ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में लोग पानी के लिए मोहताज हो रहे हैं।
ऐसा ही हाल बिजवासन एरिया का है। यहां के विधायक सत्यप्रकाश राणा की अगुवाई में लोगों ने समारोह के सामने प्रदर्शन किया। राणा का कहना है कि वे 19 हजार लेटर मुख्यमंत्री को लिख चुके हैं, लेकिन आज तक पानी नहीं मिला। विधानसभा सत्र के दौरान भी इन विधायकों ने जमकर हंगामा किया था। पालम और बिजवासन में लाखों लोग रहते हैं। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे लोगों की परेशानी भी बढ़ेगी।
दिल्ली
इंडिया हल्ला बोल
आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। अपने पहले चुनाव में पार्टी चाहती है कि उसके सारे बड़े नेता चुनाव मैदान में उतरें। अरविंद केजरीवाल के साथ ही उनके अहम सहयोगी चुनाव लड़ सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सैद्धांतिक तौर पर इस बात पर सहमति बन गई है कि सभी नेताओं को चुनाव लड़ना चाहिए, लेकिन कौन चुनाव लड़ेगा और कौन नहीं, यह उनकी मर्जी पर भी निर्भर होगा। अगले हफ्ते इन नेताओं से बातचीत कर उनकी राय ले ली जाएगी।
केजरीवाल के अलावा मनीष सिसौदिया, संजय सिंह, गोपाल राय, कुमार विश्वास, शाजिया इल्मी, प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव को चुनाव लड़ना चाहिए, यह पार्टी के लोगों के बीच सहमति बनी है, लेकिन अंतिम फैसला खुद इनका ही होगा। अगले हफ्ते दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए कैंडिडेंट चुनने की प्रोसेस शुरू होगी। सोमवार या मंगलवार तक इसका ऐलान हो सकता है।
अभी पार्टी के लोग ऐसी विधानसभाओं की लिस्ट तैयार करने में जुटे हैं, जहां उनके काफी समर्थक हैं। इन सीटों पर लोगों से कैंडिडेट बनने के लिए अप्लाई करने को कहा जाएगा। फिर इनके बैकग्राउंड की जानकारी ली जाएगी कि उसकी इमेज कैसी है। स्क्रूटनी के बाद जो लोग बचेंगे उनमें से उस इलाके के समर्थकों के वोटों के आधार पर कैंडिडेट का चुनाव किया जाएगा।
दिल्ली
इंडिया हल्ला बोल
बीएसपी नेता दीपक भारद्वाज के मर्डर केस में फरार मछेंद्रनाथ उर्फ स्वामी प्रतिभानंद (48) की गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है। इस घटनाक्रम से माना जा रहा है कि स्वामी के बारे में पुलिस को सटीक सुराग नहीं मिला है। उसके खिलाफ गैर जमानती वॉरंट भी जारी किया गया है।पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार को स्वामी प्रतिभानंद की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है। उसके बारे में सटीक जानकारी देने वाले का नाम सीक्रेट रखा जाएगा। वह महाराष्ट्र के बीड का निवासी है, लेकिन वह अपने घर बहुत कम जाया करता था।उसकी तलाश में पुलिस महाराष्ट्र, गुजरात, मथुरा, वृंदावन, हरियाणा और उत्तराखंड में जा चुकी है। अभी भी कई शहरों में उसकी तलाश की जा रही है।
दिल्ली
इंडिया हल्ला बोल
84 सिख दंगा मामले में कड़कड़डूमा सेशन कोर्ट द्वारा सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट रद्द किए जाने के 24 घंटे के बाद जगदीश टाइटलर मीडिया के सामने आए। उन्होंने जहां क्लोजर रिपोर्ट को सही ठहराया, वहीं उन गवाहों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया, जिनकी गवाही अब ली जानी है। टाइटलर को विश्वास है कि दोबारा गवाही के बाद भी मामला खत्म ही होगा।
जगदीश टाइटलर गुरुवार को मीडिया से घिरे रहे और हर बार उन्होंने एक ही सवाल उठाया कि एक व्यक्ति दो जगह पर कैसे हो सकता है। दूरदर्शन की रिकार्डिंग कहती है कि वह घटना वाले दिन पहली नवंबर को इंदिरा गांधी के शव के पास मौजूद थे, लेकिन आरोप लगाया गया कि उन्होंने पुल बंगश इलाके में दंगाइयों की भीड़ का नेतृत्व किया और गुरुद्वारे पर हमला किया।
टाइटलर का कहना है कि तीन मूर्ति से पुल बंगश पहुंचने के लिए कम से कम 30 मिनट चाहिए, जबकि रेकॉर्डिंग से वह दस मिनट के लिए ही अलग हुए हैं। नानावती आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि पुल बंगश गुरुद्वारे पर हमला दोपहर डेढ़ बजे के करीब हुआ, जबकि सुरेंद्र सिंह का कहना है कि उसने सुबह 10 बजे मुझे वहां पर देखा। अगर वहां भीड़ डेढ़ बजे आई थी तो सुबह दस बजे मैं भीड़ का नेतृत्व कैसे कर सकता था।
दिल्ली
इंडिया हल्ला बोल
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा है कि मुनक नहर से मिलने वाले 80 एमजीडी पानी के लिए उन्होंने हार नहीं मानी है। इस पानी को लेने के लिए वह प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पास जाएंगी।कुछ समय पहले प्रधानमंत्री ने मुनक नहर का पानी दिल्ली को दिलाने के लिए ग्रुप ऑफ मिनिस्टर (जीओएम) का गठन किया था। लेकिन यह फिलहाल कुछ नहीं कर रहा है। फिर से इसे सक्रिय करने के लिए प्रधानमंत्री से मिलकर अपील की जाएगी। इस मामले को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ भी केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत से भी बैठक करेंगे।
शीला दीक्षित ने गुरुवार को दिल्ली जल बोर्ड का 2013-14 का बजट पास करते हुए कहा कि मुनक नहर के निर्माण के लिए हरियाणा को पैसा दिया जा चुका है। अगर नहर का पानी मिल गया तो 50 एमजीडी का द्वारका, 20 एमजीडी का ओखला व 20 एमजीडी का बवाना वॉटर ट्रीटमेंट चल जाएगा और लाखों लोगों को पानी मिलने लगेगा। शीला ने कहा कि इस साल उन्होंने राजधानी में लगातार लोगों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में सबको पानी मुहैया करना चुनौती का काम है। फिर भी अपने सिस्टम में सुधार करके सबको पानी सप्लाई किया जा रहा है। अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी पानी की सप्लाई करने पर काम चल रहा है।
दिल्ली
इंडिया हल्ला बोल
Page 1 of 127
