You are here: Home सम्पादकीय

सम्पादकीय

सिर्फ तारीख बदली...तस्वीर नहीं...!

PDFPrintE-mail

Written by News Desk Tuesday, 23 April 2013 07:36

तारीख बदल गयी...मौसम भी बदल गया लेकिन नहीं बदले तो हालात...नहीं बदली तो लोगों की सोच और नहीं बदली दिल्ली की तस्वीर...नहीं बदली देश की तस्वीर..! 16 दिसंबर 2012 की वो तारीख आज भी नहीं भूलती...! उस दिन को याद करते हुए आंखें आज भी डबडबा जाती हैं...शब्द आसूंओं में डूब जाते हैं..! आंसुओं से तरबतर घटना के बाद के वो दिन भले ही एक हंसती खेलती जिंदगी को इस क्रूर दुनिया से बहुत बहुत दूर लेकर चले गए हों लेकिन अपने पीछे कई सवाल भी खड़े करके चले गए..?

सड़कों पर देश का गुस्सा और कुछ भी कर गुजरने को तैयार बैठे युवाओं के आक्रोश के बाद नींद से जागी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़े बड़े वादे औऱ दावे करते हुए भले ही कड़े कदम उठाने की कवायद शुरु कर दी हो लेकिन इन वादों और दावों का सच एक बार फिर से छलावा साबित हुआ..!

दो दिन पहले ही दिलदार दिल्ली का खिताब हासिल कर इतराने वाली दिल्ली एक बार फिर से सबको शर्मशार कर गयी। नवरात्र में एक तरफ घर-घर में कन्याओं के पैर धोए जा रहे थे...कन्याओं का पूजन किया जा रहा था दूसरी तरफ दिल्ली के गांधीनगर में विकृत मानसिकता एक पांच साल की मासूम की जिंदगी को रौंद रहा था..!  विकृत मानसिकता ने एक बार फिर से दिखा दिया कि उनके लिए उनकी हवस की भूख के आगे कोई मायने नहीं रखता फिर चाहे वह पांच साल की मासूम हो या फिर कोई और..?

उनके लिए घर- परिवार, रिश्ते नाते, समाज कुछ भी मायने नहीं रखते उनके लिए मायने रखती है तो किसी भी कीमत पर अपनी हवस की भूख को शांत करना..!

विकृत मानसिकता का कोई ईलाज नहीं है लेकिन दिल्ली पुलिस को क्या हो गया..? क्या उनकी सोच भी इतनी विकृत हो गयी है कि वे 16 दिसंबर की दिल दहला देने वाले घटना के बाद भी किसी मासूम के गुम होने पर उसे तलाश करना तो दूर एफआईआर तक दर्ज नहीं करते हैं..?  अलग-अलग मामलों में पीड़ित के परिजनों की एफाईआर दर्ज न करने के लिए तो पुलिस पहले ही बदनाम है..! यहां तक तो समझ में भी आता है लेकिन 5 साल की मासूम के साथ बल्ताकार और हैवानियत का पता चलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करने की बजाए पीड़ित के परिजनों को दो हजार रूपए की पेशकश करके चुप होने की बात करना क्या दर्शाता है..? जाहिर है दिल्ली पुलिस की ये हरकतें किसी विकृत मानसिकता वाले व्यक्ति से अलग तो नहीं है..! फर्क सिर्फ इतना है कि एक हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए मासूम की जिंदगी को नर्क से भी बदतर बना देता है और दूसरा उसका साथ देता है..!

16 दिसंबर 2013 के बाद भी न रुकने वाली हैवानियत भरी बलात्कार की घटनाएं और अब पांच साल की मासूम के साथ दरिंदगी ये साबित करने के लिए काफी है कि महिलाएं और बच्चियां न तो तब सुरक्षित थी और न ही अब..!

माना हम विकृत मानसिकता को नहीं बदल सकते...ऐसे लोगों की सोच को नहीं बदल सकते लेकिन ऐसा तो नहीं कि इस तरह की घटनाओं को कम भी नहीं किया जा सकता..? एक भी बच्ची को ऐसे लोगों की हवस का शिकार बनने से नहीं रोका जा सकता..? शिकायत मिलने पर पुलिस की सख्ती और त्वरित कार्रवाई के बाद दोषियों के मामले के निपटारे के लिए फास्ट ट्रेक कोर्ट की स्थापना और तय समय सीमा के अंदर दोषियों को मौत की सजा क्या ऐसे लोगों के मन में खौफ पैदा नहीं करेगा..? जाहिर है ऐसी घटनाओं को पूरी तरह नहीं भी रोका जा सकता तो इन में कमी तो आ सकती है लेकिन ऐसा तब होगा न जब की पुलिस शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करे और फास्ट ट्रेक कोर्ट दोषियों को मौत की सजा सुनाए..!

एक बार फिर से महिला सुरक्षा को लेकर बहस शुरु हो गयी है और दोषियों को मौत की सजा देने की वकालत भी होने लगी है लेकिन एक सुलगता सवाल जेहन में बार-बार उठ रहा है कि क्या अब बदलेगी दिल्ली पुलिस..? क्या अब बदलेगी दिल्ली की तस्वीर..? क्या अब बदलेगी देश की तस्वीर..? क्या अब सुरक्षित रहेंगी महिलाएं और बच्चियां..? या फिर कुछ दिनों या महीनों बाद फिर से आएगी एक ऐसी ही दर्द भरी तारीख..! जिसका एहसास भर ही डरा देता है।

 

आईपीएल- बाप बड़ा न भैया...सबसे बड़ा रूपैया..!

PDFPrintE-mail

Written by News Desk Wednesday, 17 April 2013 13:49

एक कहावत है- “बाप बड़ा न भैया...सबसे बड़ा रुपैया”। सुनी तो आपने भी होगी और आज के समय में जब हर कोई पैसे के पीछे भाग रहा है तो ये कहावत कई मौकों पर चरितार्थ भी होती दिखाई देती है। आईपीएल में तो ये कहावत खूब चरितार्थ हो रही है। आईपीएल मैच के दौरान अलग – अलग फ्रेंचायजी मालिक की टीमों में खेल रहे एक ही देश के खिलाड़ी मैदान में ही एक दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं और नौबत गाली – गलौज और हाथापाई तक आ रही है। ये वही खिलाड़ी हैं जो हैं तो एक ही देश के और अंतर्राष्ट्रीय मैचों में एक दूसरे का हौसला बढ़ाते दिखाई देते हैं लेकिन आईपीएल में कहानी कुछ और ही नजर आ रही है।

11 अप्रेल को आईपीएल 6 में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दुर्भाग्य से आपस में भिड़ने वाले दोनों खिलाड़ी भारत के ही थे और अपनी – अपनी टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। बॉलिवुड में किंग खान के नाम से मशहूर शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाईटराइडर्स और उद्योग जगत में किंग ऑफ गुड टाइम्स के नाम से मशहूर विजय माल्या की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर आमने – सामने थी। मुकाबला कांटे का था। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगलौर के सामने जीत के लिए 155 रनों का लक्ष्य रखा। कोलकाता की ओर से कप्तान  गंभीर ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। बंगलौर के लिए 20 ओवर में 155 का लक्ष्य आसान नहीं था तो बहुत ज्यादा मुश्किल भी नहीं था वो भी तब जब विरोधी टीम में टी-20 के किंग क्रिस गेल मौजूद हों। हुआ भी कुछ ऐसा ही जब मयंक अग्रवाल के रूप में पहला विकेट गिरने के बाद बंगलौर के कप्तान विराट कोहली ने गेल के साथ मिलकर कोलकाता की धज्जियां उड़ानी शुरु कर दी। कोलकाता के कप्तान गंभीर के माथे पर बल साफ दिखाई दे रहे थे तो बंगलौर के कप्तान कोहली कुछ ज्यादा ही जोश में दिखाई दे रहे थे और हर गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाने को बेताब दिखाई दे रहे थे। ऐसी ही एक कोशिश में कोहली बालाजी की गेंद में मोर्गन को कैच थमा बैठे। परेशान गंभीर का चेहरा खिल उठा तो कोहली की खीज साफ दिखाई दी। गंभीर और कोहली के बीच इशारों इशारों में शुरु हुई तकरार गाली – गलौज तक पहुंच गयी। साथी खिलाड़ियों ने दोनों को अलग कर स्थिति को संभाला लेकिन तब तक ये शर्मनाक वाक्या घट चुका था। गेल के 50 गेदों में 9 छक्कों की मदद से बनाए धमाकेदार 85 रनों की बदौलत मैच भले ही विराट कोहली की टीम बंगलौर ने जीत लिया हो और गंभीर की टीम कोलकाता को मात मिली हो लेकिन यहां हार हुई तो खेल भावना की जिसकी दोनों ही टीमों के कप्तानों ने मैदान में धज्जियां उड़ा दी और दिखा दिया कि पैसे के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं..!

मैच के बाद भले ही दोनों ने इसे मैदान के अंदर की बात बताकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की लेकिन ये वाक्या अपने आप में कई सवाल खड़े कर गया..! आईपीएल में टी-20 का रोमांच जरूर है लेकिन विशुद्ध रूप से ये सिर्फ पैसों का खेल है। जिसकी शुरुआत खिलाड़ियों की बिक्री के साथ शुरु होती है। फ्रेंचायजी मालिक अपने पसंदीदा खिलाड़ी पर दिल खोलकर पैसा लुटाते हैं और बदले में खिलाड़ी पर दबाव होता है हर मैच में टीम को जीत दिलाने के साथ ही आईपीएल जिताने का..! जाहिर है जो फ्रेंचायजी मालिक करोड़ों खर्च कर एक-एक खिलाड़ी को खरीद रहा है वो इन खिलाड़ियों से आईपीएल को झोली में लाने की उम्मीद तो पालेगा ही..!

पैसे के इस खेल में खिलाड़ी पर अच्छे प्रदर्शन के साथ ही टीम को जिताने का किस तरह का दबाव रहता है इसका ताजा उदाहरण कोलकाता और बंगलौर के मैच में हुई दोनों टीम के कप्तानों गंभीर और कोहली की शर्मनाक भिड़ंत है। ये शर्मनाक इसलिए है क्योंकि ये दोनों ही खिलाड़ी एक ही देश के हैं और अंतर्राष्ट्रीय मैचों में विरोधियों के खिलाफ एक ही टीम में खेलते हुए एक दूसरे का हौसला बढ़ाते हैं लेकिन पैसे के खेल आईपीएल ने इन्हें एक – दूसरे का दुश्मन बना दिया..!

जाहिर है पैसा खिलाड़ियों के सिर चढ़कर बोल रहा है और इसके लिए वे कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं..! क्या फर्क पड़ता है कि ये अंतर्राष्ट्रीय मैचों में विरोधियों के खिलाफ एक ही देश के लिए एक ही टीम से खेलते हैं..! पैसे के लिए तो ये कुछ भी कर गुजरने को तैयार हैं..!

 
 

1984 दंगे- इंसाफ अभी बाकी है..!

PDFPrintE-mail

Written by News Desk Thursday, 11 April 2013 13:15

1984 riots

29 साल का वक्त छोटा नहीं होता। 29 साल में लोगों की जिंदगियां बदल जाती है। 29 साल में एक बच्चा व्यसक हो जाता है। वो स्कूल से निकलकर अपने रोजगार में जुट जाता है तो अपनी जीवन संगिनी के साथ एक नये जीवन की शुरुआत कर लेता है। उसकी जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं और वो एक जिम्मेदार व्यक्ति बन जाता है लेकिन 29 सालों में कुछ लोगों के लिए कुछ भी नहीं बदला।

उनके चेहरे पर झुर्रियां जरूर उभर आयीं लेकिन चेहरे की झुर्रियां भी उनके दर्द को छुपा नहीं पायी। 29 साल से इंसाफ की उम्मीद में जीवन का एक – एक पल अपनों को खोने के गम में काटने वाले 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों के चेहरों को देखकर तो ऐसा ही लगता है। दंगो में कांग्रेसी नेता जगदीश टाईटलर की भूमिका की जांच कर रही जिस सीबीआई पर लोगों को भरोसा था कि उनके न्याय की लड़ाई में सीबीआई उनका साथ देगी उसी सीबीआई ने जगदीश टाईटलर को क्लीन चिट देते हुए अदालत में मामले को बंद करने की अर्जी दे दी।

लेकिन अदालत ने न्याय की आस में जिंदा लोगों को निराश नहीं किया और सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को खारिज करते हुए दोबारा से मामले की जांच के आदेश देते हुए कांग्रेसी नेता टाईटलर के खिलाफ केस चलाने के आदेश दे दिया। लोगों के चेहरे में न्याय की उम्मीद की खुशी जरूर थी लेकिन मन में ये सवाल भी था कि 29 साल बाद फिर से टाईटलर के खिलाफ केस चलेगा तो उन्हें इंसाफ कब मिलेगा..?  कितना और वक्त इंसाफ मिलने में लगेगा..?

सवाल ये भी है कि जिस सीबीआई ने टाईटलर को क्लीन चिट देते हुए अदालत में केस बंद करने की अर्जी दे दी वही सीबीआई अब फिर से जांच करेगी तो कैसे ये जांच निष्पक्ष होगी..?अदालत के फैसले से ये न्याय व्वस्था पर एक बार फिर से विश्वास तो मजबूत हुआ है लेकिन सवाल भी कई खड़े हुए हैं। जाहिर है सीबीआई ने अपना काम पूरी ईमानदारी से नहीं किया जिस वजह से टाईटलर बचते रहे और आखिरकार कोर्ट ने क्लोजर रिपोर्ट को खारिज कर दिया..!

1984 में सिख विरोधी दंगों के वक्त टाईटलर की उम्र 40 साल थी। 29 साल बाद जब अदालत ने सीबीआई की अर्जी खारिज करते हुए टाईटलर के खिलाफ दोबारा से केस चलाने का आदेश दिया है तो अब टाईटलर की उम्र 69 वर्ष है। टाईटलर इन 29 वर्षों में कई बार केन्द्रीय मंत्री भी रहे और टाईटलर ने बड़े ही आराम से इस वक्त को काटा लेकिन इसके उल्ट इंसाफ की आस लगाए बैठे दंगों के पीड़ितों के लिए ये 29 वर्ष किसी सजा से कम नहीं थे। अब फिर से सीबीआई मामले की जांच करेगी तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितना और वक्त सीबीआई मामले की दोबारा जांच में लेगी..? हो सकता है शायद तब तक टाईटलर की उम्र 80 से 85 वर्ष हो जाए या ऐसा भी हो सकता है कि इस लंबे वक्त में टाईटलर की स्वाभाविक मौत हो जाए..!

इंसाफ की आस लगाए बैठे पीड़ित जो इन 29 सालों में जैसे तैसे अपनी लड़ाई लड़ते रहे…हो सकता है कि वे इंसाफ की आस में वे दम तोड़ दें..!  जगदीश टाईटलर के साथ ही पीड़ितों की उम्र का तकाजा तो कम से कम इसी ओर ईशारा कर रहा है कि शायद ही जीते जी टाईटलर को सजा और पीड़ितों को इंसाफ मिले..!ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये खड़ा होता है कि लंबी और जटिल कानूनी प्रक्रिया के बाद अगर टाईटलर को सजा होती भी है तो क्या वाकई में ये पीड़ितों के साथ इंसाफ होगा..?

टाईटलर के केस के बहाने एक बार फिर से क्या भारतीय अदालतों में सालों से लंबित पड़े उन आधा करोड़ मामलों पर सोचने का वक्त नहीं है कि क्यों न लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष कदम उठाएं जाएं..?  हालांकि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ ही चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने भी इस पर चिंता जाहिर की है लेकिन सवाल फिर उठता है कि क्या ये चिंता सालों से न्याय की आस लगाए बैठे लाखों लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण लेकर आएगी..?

दीपक तिवारी

पत्रकार


 
 

Page 1 of 26

National News

प्‍यार

दाम्पत्य

Bollywood Bite